- दुकान के पीछे सेंधमारी कर अंदर घुसे थे चोर
Chandauli news : धीना थाना क्षेत्र के कमालपुर चौकी अंतर्गत जनौली गांव में कमालपुर निवासी मनोज अग्रहरि पुत्र के किराने की दुकान पर शुक्रवार की रात्रि में चोरों द्वारा दुकान के अन्दर प्रवेश कर हजारों रुपए नकद और कीमती किराना सामान पर हाथ साफ कर दिया गया। घटना की जानकारी दुकानदार जब दुकान खोलने सुबह पहुंचा तो दरवाज़ा टूटा व सामान अस्त व्यस्त देखकर सन्न रह गया। चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। व्यापार मण्डल अध्यक्ष भोलेनाथ जायसवाल मौके पर पहुंच कर पुलिस को फोन से जानकारी दी।

मनोज रस्तोगी देर शाम जनौली मोड़ पर किराने की दुकान बन्द कर अपने घर कमालपुर आ गए। सुबह जब दुकान खोलकर अंदर पहुंचे तो अंदर का दरवाजा खुला हुआ था। और सामान अस्त व्यस्त पड़ा था। कैश बॉक्स में रखा तकरीबन बीस हजार रुपए ग़ायब था। मौके पर देखने से मालूम हुआ कि चोर पीछे से दीवाल तोड़ने का प्रयास किए पर कामयाब नहीं हो पाए। अन्त में गठीले बाँस के सहारे छत पर चढ़कर सीढ़ी का दरवाजा तोड़ कर अन्दर प्रवेश कर गए। नकदी सहित अन्य कीमती किराना सामान पर हाथ साफ कर दिए। गौर तलब है कि एक के बाद एक चोरी की कई घटनाओं से पुलिस पर सवालिया निशान लगना शुरू हो गया है। इसके पहले मेराज अंसारी की किराना की दुकान से रात्रि में ताला तोड़ कर बीस हजार रुपए ग़ायब कर दिए थे। यही नहीं महज़ एक सप्ताह पहले संतोष सब्जी वाले के घर से दो लाख रुपए पर दिन दहाड़े चोरों ने उड़ा दिया था। जिसे आज तक पुलिस खुलासा करने में असफल रही। यही नहीं दो माह पहले दुकान बन्द कर अपने घर जमूरखा जा रहे दुकानदार मारूफ रजा को अज्ञात लोगों द्वारा चाकू से मार घायल कर दिया गया था। जिसमें आज तक पुलिस खुलासा करने में असफल रही। एक के बाद एक घटनाओं के घटने से व्यापारियों में भय व्याप्त हो गया है। व्यापार मण्डल अध्यक्ष भोलेनाथ जायसवाल ने पुलिस अधीक्षक का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मांग की है कि पूर्व में घटित चोरी व व्यापारी पर हमले की घटना का जल्द पर्दाफाश किया जाए। इस बाबत धीना थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिली है शीघ्र ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।