पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन सहित चालक को पकड़ा
मृतक के पिता कि तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा, परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इंकार

kandawa news : सैयदराजा–जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में निजी स्कूल के एक शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।

ककरैत गांव निवासी अजय राय के पुत्र आशुतोष राय 25 जमानियां स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षक थे। मंगलवार सुबह वह बाइक से स्कूल जा रहे थे। जैसे ही वह तलाशपुर मोड़ के पास पहुंचे, तभी जमानिया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आशुतोष सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर उन्हें कुचलते हुए सैयदराजा की ओर भागने लगा, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक शिक्षक अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।सूचना पर पुलिस ने कंदवा थाना क्षेत्र के पास ट्रेलर चालक को वाहन सहित कब्जे में ले लिया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सदर देवेंद्र कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।काफी समझाने बुझाने के बाद पांच घंटे बाद दोपहर में जाम खत्म हुआ।परिजन शव का पोस्टमार्टम कराए बिना शव को घर ले गए।जहां पहुंच कर पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कराया।